लिंक रोड थाना क्षेत्र के कौशांबी बस अड्डे के पास सोमवार दोपहर एक युवती यूनिपोल पर चढ़ गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को यूनिपोल से नीचे उतारा। पुलिस युवती को मानसिक रूप से विक्षिप्त बता रही है।
युवती की भाषा समझ में न आने से उसकी पहचान नहीं हो पाई है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे एक युवती कौशांबी बस अड्डे के पास यूनिपोल पर चढ़ गई। यह देख वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवती को नीचे उतरने को कहा तो वह चिल्लाने लगी। इस पर आसपास खड़े रेहड़ी वालों ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना पर थाना लिंक रोड पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देख युवती यूनिपोल से नीचे कूदने की कोशिश करने लगी। यह देख पुलिस की टीम पीछे हट गई। इसी बीच लिंक रोड थाने में तैनात सिपाही अखिलेश सादे पकड़े में चुपके से यूनिपोल पर चढ़ गए और युवती को पकड़ लिया।
इसके बाद महाराजपुर पुलिस चौकी के प्रभारी सौरभ शुक्ला भी यूनिपोल पर चढ़े और दोनों ने सीढ़ी लगाकर युवती को नीचे उतारा। युवती के सुरक्षित नीचे उतारे जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। लिंक रोड थाना प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी ने बताया कि युवती की उम्र करी (24) के आसपास है। उसकी भाषा समझ में नहीं आ रही है।
वह चेहरे से नेपाल की रहने वाली लग रही है। उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। नेपाली लोगों को बुलाकर युवती से बातचीत करने का प्रयास किया गया, मगर उन्हें भी उसकी भाषा समझ में नहीं आई। फिलहाल युवती को थाने में रखा गया है। उम्मीद है कि कोई युवती के परिजन थाने आएं और उसे ले जाएंगे।
राहगीरों ने बनाया वीडियो
युवती के यूनीपोल पर चढ़ते ही बस डिपो और सड़क पर लोग जमा हो गए। राहगीर युवती का वीडियो बनाने लगे। इससे बस डिपो के सामने सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। युवती के उतरने के बाद ही वहां से भीड़ खत्म हुई।