अवैध निर्माण, कब्जे और लैंड यूज का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ जीडीए ने मंगलवार को भी कार्रवाई जारी रखी। जीडीए के प्रवर्तन दस्ते ने भारी पुलिस फोर्स के साथ मालीवाड़ा में सीलिंग का अभियान चलाया। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
इस दौरान टीम ने एक निर्माणाधीन कांप्लेक्स, छह दुकानों और एक कूलर फैक्ट्री को सील किया। उधर, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध कब्जे व निर्माण को रोकने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मंगलवार दोपहर की जीडीए प्रवर्तन अनुभाग की टीम पुलिस फोर्स के साथ मालीवाड़ा में पहुंची। टीम ने सबसे पहले तीन दुकानों को अवैध निर्माण एवं कब्जे के चलते सील कर दिया। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। साथ ही एक निर्माणाधीन कांप्लेक्स को भी अवैध निर्माण करने पर सील कर दिया गया।
इतना ही नहीं आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने पर एक भवन पर भी सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। प्रवर्तन की टीम को संबंधित भवन में कूलर बनाने की फैक्ट्री संचालित मिली थी। जीडीए अधिकारियों का कहना था कि यहां पर आवासीय एरिया है, जिसका व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।
इसी बीच आठों जगहों पर सीलिंग की कार्रवाई करने के बाद विभागीय टीम द्वारा नोटिस भी चस्पा किया गया, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिया गया गया कि सीलिंग परिसर में किसी भी तरह का प्रवेश, व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने या निर्माण करना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है।
अगर किसी तरह का उल्लंघन पाया जाता है तो विभाग नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करेगा।