विवेकानंद नगर में शनि मंदिर के पास बृहस्पतिवार शाम करीब सवा सात बजे लावारिस ब्रीफकेस और बैग मिलने से सनसनी फैल गई। सिविल कांट्रेक्टर का काम करने वाले पांच युवकों ने ब्रीफकेस खोला तो उसमें से 2000 के नए नोटों की शक्ल में दो लाख रुपये निकले।
उन्होंने ईमानदारी दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ब्रीफकेस में मिले बुलंदशहर केकैटर्स के नंबर के कार्ड पर संपर्क कर रही है। विवेकानंद नगर में शनि मंदिर के पास जगदीप सिंह खोसला निवासी कविनगर एच ब्लाक का ऑफिस है, वह सिविल कांट्रैक्टर हैं।
वह ऑफिस में सचिन कौशिक निवासी गोविंदपुरम, प्रीत पाल सिंह एच ब्लाक, देवेंद्र सिंह मोदीनगर और अनिल सरीन के साथ बैठे थे। उन्होंने सड़क किनारे बैग और ब्रीफकेस पड़ा दिखा। वह वहां पहुंचे और ब्रीफकेस और बैग खोलकर देखे।
बैग में दो जोड़ी कपड़े और ब्रीफकेस में एक जोड़ी कपड़े, ट्रैक सूट, तौलिया, शादी केसामान जैसा पर्चा और एक लिफाफा निकला। लिफाफे में 2000 रुपये के 100 नोट थे। इस दौरान भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
इस संबंध में एसएचओ कविनगर ने बताया कि ब्रीफकेस में मिले कार्ड पर लिखे नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, जो बुलंदशहर के किसी कैटर्स का है।