राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप की पुत्रवधू हिमांशी कश्यप की मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान पता चला है कि सागर की रिवाल्वर से दो गोलियां गायब थीं। एक गोली हिमांशी को लगने का दावा सांसद परिवार ने करते हुए कहा कि रिवाल्वर में पांच ही गोलियां थीं।
पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि दूसरी गोली भी घटना के वक्त घर में चली तो नहीं थी। रिवाल्वर की बेलेस्टिक जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद इस रहस्य से पर्दा उठेगा। पुलिस रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
इस सप्ताह सरकारी छुट्टियां पड़ जाने की वजह से फोरेंसिक रिपोर्ट आने में लेट हो गई। पुलिस को उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक यह रिपोर्ट आ सकती है। अब तक पुलिस जांच में जो तथ्य निकलकर आए हैं, उससे यह पता चला है कि ससुराल में हिमांशी खुश नहीं थी।
वह घरेलू हिंसा की शिकार थी। सूत्रों की मानें तो ससुराल में हिमांशी को प्रताड़ित किए जाने के भी सबूत पुलिस को मिले हैं। इस मामले में ससुराल पक्ष के कई लोगों से भी पुलिस की टीम ने पूछताछ की है।
हिमांशी का इकलौता बेटा मौलिक राज सांसद नरेंद्र कश्यप की बेटी के पास होने का पता चला है। सीओ द्वितीय मनीष मिश्रा का कहना है कि रिवाल्वर में छह गोलियां होती हैं। दो गोलियां गायब हैं। एक गोली कहां चली, इसका भी पता किया जाएगा।
बता दें कि छह अप्रैल को बदायूं के बसपा नेता हीरालाल कश्यप की बेटी हिमांशी की गोली लगने से उसकी ससुराल संजयनगर में मौत हो गई थी। हिमांशी राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप के बेटे डॉ. सागर की पत्नी थी। हिमांशी के ससुर नरेंद्र कश्यप, सास देवेंद्री, पति सागर, ननद सरिता, शोभा और देवर के खिलाफ मायके पक्ष ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सांसद, उनकी पत्नी और बेटा जेल में बंद हैं।