कार सवार दो बदमाशों ने आईटीसी कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर से गन प्वाइंट पर करीब तीन मिनट में पौने 10 लाख की नई करेंसी, मोबाइल और कार की चाभी लूट ली। वारदात सोमवार शाम विवेकानंद नगर रोड पर कविनगर नगर कट के पास हुई, जिससे सनसनी फैल गई। पुलिस ने लुटेरों की तलाश में शहर की नाकाबंदी की, मगर उनका सुराग नहीं लग सका।
डिस्ट्रीब्यूटर श्रेयस बुद्धिराजा कविनगर एच ब्लाक में रहते हैं। पटेल मार्ग पर उनका गोदाम है, जहां से आईटीसी कंपनी का बिस्किट और आटा आदि सप्लाई किया जाता है। श्रेयस ने बताया कि शाम करीब पौने आठ बजे वह होंडा सिटी कार से गोदाम से घर जा रहे थे।
विवेकानंद नगर रोड पर कविनगर कट के पास स्विफ्ट कार सवारों ने उनकी कार में साइड से टक्कर मारी और ‘एक्सीडेंट कर दिया’ कहते हुए ओवरटेक कर उनकी कार रुकवा ली। दो बदमाश कार से उतरे। एक बदमाश ड्राइविंग सीट और दूसरा ड्राइवर के बराबर वाली साइड सीट की खिड़की पर खड़ा हो गया।
उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर उनसे होंडा सिटी की डिग्गी खुलवाई, जिसमें दो बैग रखे थे। एक बैग में पौने 10 लाख की नई करेंसी और दूसरे में चेकबुक और खरीदारी से संबंधित कागजात थे।
एक बदमाश उन्हें गन प्वाइंट पर लिए रहा, जबकि दूसरे ने दोनों बैगों के अलावा उनका मोबाइल और कार की चाभी भी छीन ली। करीब तीन मिनट में वारदात के बाद बदमाश अपनी कार में बैठकर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि बदमाशों की तादाद तीन भी हो सकती है, लेकिन उन्होंने दो को ही देखा। बदमाशों के जाने केबाद वह कार से उतरे और राहगीरों की मदद से उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
एसपी सिटी, सीओ द्वितीय कविनगर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। एसपी सिटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
गोदाम से पीछे लगे होंगे लुटेरे, ऑटो का निकला कार का नंबर
पुलिस को अंदेशा है कि बदमाशों ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया है। वे गोदाम से ही डिस्ट्रीब्यूटर के पीछे लगे होंगे, क्योंकि उन्हें पता था कि बैग डिग्गी में रखे हैं। दूसरी तरफ, डिस्ट्रीब्यूटर ने बदमाशों की कार का नंबर नोट कर लिया था, लेकिन पुलिस जांच में वह ऑटो का नंबर निकला है। कार लूट या चोरी की हो सकती है।
पहले भी हुई थी लूट की कोशिश, पुलिस ने नहीं ली सुध
डिस्ट्रीब्यूटर से इसी साल तीन मार्च को पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। न देने पर जान से मारने की धमकी गई थी। इसके बाद 14 मार्च को उनके गोदाम में तीन बदमाशों ने लूट की कोशिश की थी, जो कर्मचारियों की बहादुरी से बच गई थी।
बदमाश अपना बैग छोड़कर भाग गए थे, जिसमें दो तमंचे, दो कारतूस और स्मैक की पुड़िया थी। यह वारदात गोदाम में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई थी। इसके बावजूद अभी तक सिहानी गेट पुलिस न तो रंगदारी मांगने वाले को पकड़ सकी है और न ही लूट की कोशिश करने वाले बदमाशों को। पुलिस की जांच का एंगल इन दोनों घटनाओं के इर्दगिर्द भी है।