हिमांशु पारचा डांस एकेडमी और जी स्टाइल म्यूजिक कंपनी की ओर से सिंगिंग मॉडलिंग प्रतियोगिता के दौरान डांस को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। बात बढ़ने पर कार्यक्रम स्थल के मुख्य गेट पर दोनों पक्षों में मारपीट, चाकूबाजी और फायरिंग हुई।
इस दौरान एक पक्ष की स्कार्पियो के शीशे तोड़ दिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट में कई युवक घायल हुए हैं। वारदात रविवार रात करीब सात बजे हुई। मोदी इंटर कालेज के ग्राउंड में रविवार को सिंगिंग मॉडलिंग प्रतियोगिता हुई थी।
इसमें सिंगर मिलिंद गाबा समेत कई प्रसिद्ध सिंगर आए हुए थे। एसएचओ ध्रुव भूषण दूबे के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान हापुड़ रोड मंगल विहार कालोनी निवासी सागर और महेंद्रपुरी कालोनी के निखिल का निवाड़ी रोड डिफेंस कालोनी निवासी युवकों से डांस करने को लेकर झगड़ा हो गया।
इसके चलते दोनों पक्ष कार्यक्रम स्थल के मुख्य गेट तक गाली-गलौच करते हुए आ गए। यहां दोनों पक्षों में मारपीट और चाकू बाजी हुई। हाथ में चाकू लगने से सागर और मारपीट में निखिल घायल हो गया। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मारपीट में सागर की स्कार्पियो के शीशे तोड़ दिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट में कई युवक घायल हुए हैं और फायरिंग भी हुई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मारपीट दो ही युवक घायल हुए, फायरिंग नहीं हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।