भोजपुर थाना क्षेत्र के दौसा बंजारपुर गांव में संदिग्ध हालात में जहर से मां और दो वर्षीय बेटी की मौत हो गई है। पुलिस जांच कर रही है कि दोनों ने खुद जहर खाया है या उन्हें किसी ने जहर दिया है।
घटना शनिवार देर शाम की है। एसओ शिव प्रकाश सिंह के मुताबिक, दौसा बंजारपुर गांव में वसीम परिवार समेत रहता है। वह रंगाई-पुताई का काम करता है। शनिवार शाम उसकी पत्नी नजमा (28) और दो साल की बेटी नाईजयमा की संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ निगलने से अचानक तबीयत बिगड़ गई।
लोग जब तक बच्ची डाक्टर के पास लेकर पहुंचते, उसने दम तोड़ दिया। उधर, गंभीर हालत में नाजमा को मेरठ के सुभारती अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी भी मौत हो गई। एसओ ने बताया कि पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
नजमा के शव का पोस्टमार्टम मेरठ पुलिस ने कराया है। मृतका का मायका लोनी में है। परिजनों को फोन से सूचना कर दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसओ का कहना है कि अब तक जांच में सामने आया है कि दोनों की मौत जहर खाने से हुई है, लेकिन जहरीला पदार्थ खुद खाया गया या किसी ने मां-बेटी को जहर दिया है, इन दोनों बिंदुओं पर जांच चल रही है।