पुलिस ने प्रवीण हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। उसके दोस्त करण ने ही थप्पड़ मारने पर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आठ सितंबर की सुबह टीला मोड़ के पास निस्तौली गांव के खेत में प्रवीण (24) निवासी सोनिया विहार दिल्ली का शव मिला था।
उसके हाथ बंधे थे और गला रेता हुआ था। प्रवीण पान का खोखा चलाता था। एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि छानबीन में पता चला कि सात सितंबर की रात प्रवीण और सोनिया विहार में ही उसके घर के पास रहने वाला करण वाल्मीकि साथ थे।
पुलिस ने करण को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हो गया। करण ने बताया कि प्रवीण गांजा पीने के लिए उससे 200 रुपये मांग रहा था। 15 दिन पहले भी उसने उससे 500 रुपये उधार लिए थे।
उसने 200 रुपये देने से इंकार किया, तो प्रवीण ने उसे दो थप्पड़ मार दिए। इससे नाराज होकर उसने जादू का खेल दिखाने के बहाने रुमाल से प्रवीण के हाथ पीछे बांध दिए और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी।
एएसपी ने बताया कि करण पहले भी साहिबाबाद में बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में जेल जा चुका है। वह पेंटर का काम करता है। करण को रविवार तड़के भोपुरा से गिरफ्तार किया गया है।
मां से लड़कर आया था करण
एएसपी ने बताया कि कालोनी में रहने वाले दो और दोस्त करण के साथ थे, लेकिन दोनों डरकर वहां से भाग गए थे। करण का कहना है कि घटना के दिन वह घर से मां से लड़कर आया था। वह मां से ई-रिक्शा लेने के लिए पांच हजार रुपये मांग रहा था, मां ने नहीं दिए तो वह चाकू लेकर घर से निकला था।
परिजनों ने दो और दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
खुलासे के दौरान प्रवीण के परिजन भी थाना साहिबाबाद पहुंचे। प्रवीण के पिता रमेश चंद ने बताया कि अकेला करण उनके बेटे के हाथ बांधकर उसकी हत्या नहीं कर सकता। जिन दो दोस्तों के साथ होने की बात पुलिस कह रही है, वे भी हत्या में शामिल थे। पुलिस उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है। उनकी भी गिरफ्तारी की जानी चाहिए।