मेरठ रोड पर गुलधर कट के पास तेज रफ्तार टाटा सफारी कार की टक्कर से आई टेन कार सवार प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और तीन बच्चे घायल हो गए हैं। हादसे में आरोपी टाटा सफारी कार चालक भी जख्मी हुआ है।
पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है, वह नशे में धुत बताया जा रहा है। इस दौरान हाईवे पर आधा घंटा जाम लगा रहा। हादसा सोमवार रात करीब साढे़ आठ बजे हुआ। मुरादनगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर अरविंद (45) पत्नी शीतल (40), बेटी महिला (17), जयंती (15) और बेटे गगन (13) के साथ मोहन नगर के एक मॉल से आईटेन कार में घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मेरठ रोड पर गुलधर कट के पास पीछे से आई तेज रफ्तार सफारी कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। आईटेन पलटते हुए कट पर पड़े बड़े पत्थर से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सफारी भी कई बार पलटती हुई डिवाइडर पार कर मेरठ टू दिल्ली वाले रूट पर पहुंच गई, इस दौरान वह स्वीफ्ट कार से भी टकराई, हालांकि स्वीफ्ट सवार बाल-बाल बच गए। इस दौरान भीड़ लग गई। आते-जाते वाहन रुक गए, जिससे जाम लग गया।
हादसे की सूचना पर पहुंची सिहानी गेट पुलिस घायलों को नजदीक के वरदान अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पत्नी, दोनों बेटियों और बेटे का इलाज चल रहा है। बेटे को यशोदा अस्पताल रेफर किया गया है।
एसएचओ सिहानी गेट अवनीश दीक्षित ने बताया कि आरोपी सफारी चालक नवीन को हिरासत में ले लिया गया है। वह नशे में है, उसे मेडिकल के लिए भेजा गया है। नवीन देहरादून का रहने वाला है और इंदिरापुरम में रहकर टावर लगाने का काम करता है। अरविंद की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा है।