अहिंसा खंड-1 स्थित ऑरेंज काउंटी सोसायटी के सामने मंगलवार रात कार सवार रीयल एस्टेट कारोबारी और उनके दोस्त से दो बदमाशों ने ज्वैलरी, कैश और आईफोन लूट लिया। विरोध करने पर बदमाश ने पिस्टल की बट चेहरे पर मारकर रीयल एस्टेट कारोबारी को घायल कर दिया।
इंदिरापुरम के नीति खंड-1 निवासी सरसिज अरोड़ा रीयल एस्टेट कारोबारी हैं। मंगलवार रात करीब 11 बजे सरसिज के दिल्ली मयूर विहार निवासी दोस्त दीपक ने कॉल कर उन्हें मिलने के लिए ऑरेंज काउंटी के पास बुलाया। वह ऑरेंज काउंटी सोसायटी के सामने दीपक की कार में बैठकर बात करने लगे।
इस दौरान दीपक ने उन्हें 25 हजार रुपये लौटाए। एक युवक ने कार का शीशा खटखटाया। उन्होंने शीशा खोला तो बदमाश ने रौब दिखाते हुए उनसे पूछा कि यहां क्या कर रहे हो। वह कुछ बोलते इससे पहले ही बदमाश ने पिस्टल सरसिज की कनपटी पर तान दी।
दूसरे बदमाश ने दीपक की कनपटी पर भी पिस्टल लगा दी। बदमाशों ने सरसिज से सोने की अंगूठी, चेन, डायमंड पैंडेंट तथा 25 हजार रुपये और दीपक से आईफोन लूट लिया। लूटे गए सामान की कीमत करीब पांच लाख है। विरोध करने पर बदमाश ने चेहरे पर पिस्टल की बट मारकर सरसिज को लहूलुहान कर दिया। बदमाशों के भागने के बाद सरसिज ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस वालों की तरह रौब से की बात
कारोबारी के अनुसार, दोनों बदमाशों ने सादे कपड़े पहने हुए थे। बदमाशों ने शीशा खुलवाकर पुलिस वालों की तरह रौब दिखाकर उन्हें डांटा, जिससे वह घबरा गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसएचओ इंदिरापुरम ने बताया कि सोसायटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इससे बदमाशों का कोई सुराग मिल सकता है।