सिहानी गेट पुलिस ने चोरी और गांजे की तस्करी करने वाले तीन स्टूडेंट्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास गांजा और चोरी का सामान बरामद किया है।
पकड़े गए आरोपी पवन उर्फ लीलू और सोहन कुमार निवासी मोरटी गांव सिहानी गेट हैं, जबकि इनका तीसरा साथी इमरान मेरठ के जानी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
पवन और सोहन आईटीआई के स्टूडेंट हैं। सिहानी गेट एसएचओ डालचंद ने बताया कि पुलिस ने इन्हें बृहस्पतिवार सुबह मोरटी से चेकिंग के दौरान दबोचा। तीनों आरोपियों ने करीब एक माह पहले मोरटी गांव में एक वकील के घर पर चोरी की थी।
इस दौरान चोर उनका इनवर्टर, दो बैट्रियां और अन्य सामान चुराकर ले गए थे। तीनों ने बताया कि वह कॉलेज और मोहल्ले में टशनबाजी के लिए चोरी की वारदात करते हैं। इसके अलावा वह 100 रुपये में गांजे की पुड़िया बेचते हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब साढ़े तीन किलो गांजा, दो बैट्रियां, चाकू और अन्य सामान बरामद किया है।
दो गैंगस्टर गिरफ्तार
सिहानी गेट पुलिस ने बुधवार रात सिहानी चुंगी क्षेत्र से दो गैंगस्टर गिरफ्तार किए हैं। पकड़े गए आरोपी कुलदीप ठाकुर और विनोद उर्फ माइकल निवासी सिहानी चुंगी हैं। एसएचओ डालचंद ने बताया कि दोनों आरोपियों पर गैंगस्टर और गुंडा एक्ट लगा हुआ है।
इसके अलावा जानलेवा हमले आदि के मामले में दोनों आरोपी तीन बार पहले भी जेल जा चुके हैं। वहीं, उन्होंने बताया कि आरोपी माइकल पर पिछली होली पर इलाके में फायरिंग करने का भी आरोप है।