डासना स्थित सुंदरदीप इंजीनियरिंग कालेज के बीफार्मा के छात्रों ने एडमिट कार्ड न दिए जाने के विरोध में कॉलेज गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। धरने के दौरान एक छात्र बेहोश हो गया। इसी दौरान एक अन्य छात्र ने अपने हाथ की नस में पेन मार लिया।
खून निकलने पर साथी छात्र उसे निजी डॉक्टर के यहां ले गए। सीओ सदर पवन कुमार के हस्तक्षेप पर कालेज ने छात्रों को एडमिट कार्ड जारी कर दिए। सुंदरदीप कॉलेज गेट पर धरना दे रहे छात्राें ने बताया कि 18 मई को उनकी प्रयोगात्मक परीक्षा हुई थी।
20 मई को मुख्य परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड दिए जाने थे। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने छात्रों द्वारा कालेज में किए गए नुकसान के एवज में दो लाख रुपए की मांग की। जब छात्रों ने इसका विरोध किया तो कालेज प्रबंधक ने उन्हें एडमिट कार्ड देने से मना कर दिया।
इससे क्षुब्ध छात्रों ने कालेज प्रशासन विरोधी नारे लगाए और धरने पर बैठ गए। इसी दौरान बीफार्मा अंतिम वर्ष के छात्र विजय प्रताप ने अपने हाथ नस में पेन मार लिया। बुलंदशहर के रहने वाले इस छात्र को उसके साथी निजी डॉक्टर के क्लीनिक पर ले गए, जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
छात्रों का कहना था कि कालेज प्रबंधन छात्रों पर झूठे आरोप लगाकर धन वसूलता है। इससे पूर्व भी उन्होंने कई बार ऐसा किया। धरने पर दानिश, संदीप, रामसेवक, विजय, संदीप चौधरी, सुदेश, सूरज, सलमान, अंशु, प्रियंका, प्रज्ञा आदि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
उधर सुंदरदीप कालेज की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंजू सक्सेना ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि प्रैक्टीकल के दौरान कुछ छात्रों ने अनुशासनहीनता की थी। कारों के पहियों की हवा निकाल दी थी और लैब में भी तोड़फोड़ की थी। इन सभी छात्रों से कहा गया था कि वह अपने पैरेंट्स को बुलाएं। एडमिट कार्ड सभी को दे दिए गए हैं। हालांकि गलती के लिए छात्रों को दंडित अवश्य किया जाएगा।