पुलिस ऑफिस में एसएसपी के सामने बुधवार को एक महिला ने मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। इससे हड़कंप मच गया। एसएसपी और पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया। वह मारपीट करने वाले पड़ोसियों पर कार्रवाई न किए जाने से आहत थी।
महिला पिंकी शर्मा ने बताया कि वह मोदीनगर की कृष्णापुरी कालोनी में रहती हैं। पति रेडिमेड कपडे़ बेचते हैं। उनकी बेटी ने अप्रैल में लव मैरिज की है। इससे पड़ोस में रहने वाला बृजेश नाराज रहता है।
दो जून को बेटी घर आई तो आरोपी घर में घुस आया। उनके और बेटी से मारपीट करते हुए कपडे़ फाड़ दिए। घटना की शिकायत मोदीनगर पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने छह जून को एसएसपी से शिकायत करते हुए कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी। बुधवार दोपहर एक बजे वह बेटी के साथ बोतल में मिट्टी का तेल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला को जब पुलिसकर्मियों ने एसएसपी से मिलने भेजा तो उसने एसएसपी के सामने पहले मिट्टी का तेल पिया, फिर तेल छिड़क कर आत्मदाह की कोशिश करने लगी।
एसएसपी और पुलिसकर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोका। एसएसपी ने एसओ मोदीनगर को कार्यालय बुलाया और तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसओ मोदीनगर ने बताया कि महिलाओं-महिलाओं का झगड़ा है।
महिला बढ़ा चढ़ाकर बता रही है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लड़की को नग्न क र गधे पर घुमाना चाहते थे आरोपी: महिला के पति ने बताया कि आरोपी उनकी बेटी की लव मैरिज से खफा हैं, जबकि उनसे उनका कोई नाता नहीं है।
दो जून को आरोपी उनकी पत्नी और बेटी को नग्न कर गधे पर घुमाना चाहते थे। इससे वह कालोनी की लड़कियों में लव मैरिज न करने को लेकर डर पैदा करना चाहते हैं। पति ने कुछ दोस्तों की मदद से आरोपियों को उनके मंसूबों में सफल नहीं होने दिया था।