सपा नेता और दूध कारोबारी ने सोमवार देर रात गांव निगरावटी निवासी बाबू के घर में घुसकर हमला कर दिया, जिसमें बाबू के अलावा उसकी पत्नी और बेटी घायल हो गए। पीड़ित बाबू मंगलवार सुबह शिकायत करने मसूरी थाने पहुंचा तो उसे वहां से भगा दिया गया। पीड़ित ने बुधवार को एसएसपी गुहार लगाई।
बाबू ने बताया कि निढोरी गांव के दूध कारोबारी जब्बार और सपा नेता इखलाख, मुस्ताख सहित सात लोगों ने सोमवार रात घर में घुसकर बाबू और पत्नी मुस्लेमिन बेटी गुलफसा के साथ मारपीट की, जिसमें सभी घायल हो गए। बाबू ने बताया कि वह जब्बार के यहां तीन साल से नौकरी कर रहा था।
जब्बार ने उसे उसके वेतन के रुपये दिये, तो बाबू ने उन रुपयों से गांव में ही प्लाट खरीद लिया। अब जब्बार ने बाबू से कहा कि वह वेतन के रुपये नहीं थे, वह उधारी के पैसे थे। बाबू के प्लाट पर जब्बार और उसके सपा साथी कब्जा करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित जब मंगलवार को मसूरी थाने में शिकायत पत्र लेकर पहुंचा तो पुलिसकर्मियों ने उसे थाने से भगा दिया। पीड़ित बुधवार को अपनी पत्नी और बेटी के साथ एसएसपी धर्मेंद्र यादव के सामने पेश हुआ।
एसएसपी ने एसओ मसूरी शावेज खान को बोलकर मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। एसओ ने बताया कि यह जमीनी विवाद है और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।