कलक्ट्रेट की सरकारी कैंटीन का सामान बाहर एक दुकान पर बेचने की कोशिश कर रहे दो कर्मचारियों को सिहानी गेट पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों कर्मचारी बृहस्पतिवार को एक लग्जरी कार में कैंटीन का सामान भरकर नेहरू नगर पहुंचे थे। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
मामला कलक्ट्रेट परिसर में स्थित राज्य कर्मचारियों की कैंटीन का है। कैंटीन में काम करने वाले दो कर्मचारी बृहस्पतिवार को एक लग्जरी कार में कैंटीन का सामान भरकर नेहरू नगर स्थित एक परचून की दुकान पर बेचने के लिए पहुंचे लेकिन दुकानदार ने उनका विरोध कर सिहानी गेट पुलिस को मामले की सूचना दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों कर्मचारियों से कैंटीन के सामान से भरी कार बरामद की है। हालांकि जब इस मामले के बारे में चौकी प्रभारी से पूछा गया तो उन्होंने इस तरह के किसी मामले की जानकारी होने से ही इंकार कर दिया।
सूत्रों की माने तो पुलिस इस मामले का पूरा दिन समझौता कराने में जुटी रही। वहीं, जब इस मामले में एसपी सिटी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक दोनों कर्मचारी पिछले कई दिनों से लग्जरी कार में सामान रखकर सस्ती दरों पर बेच रहे थे।