पनीर की सैंपलिंग करते जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
शहर के पांच सितारा होटलों में भी भोजन करना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में पांच सितारा होटल कंट्री इन और राजपथ रेजीडेंसी के खाद्य नमूने सब स्टैंडर्ड पाए गए हैं। विभाग ने इन दोनों होटल के खिलाफ एडीएम कोर्ट में मुकदमा दर्ज करा दिया है।
बीते वर्ष होटल कंट्री इन और होटल राजपथ रेजीडेंसी से चीज और पनीर के नमूने लिए गए थे। इसमें चीज का नमूना सब स्टैंडर्ड और मिस ब्रांड श्रेणी में आया है जबकि जांच रिपोर्ट में पनीर को सब स्टैंडर्ड पाया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के डीओ अजय जायसवाल ने बताया कि विभागीय टीम ने होटल कंट्री इन से 19 मई 2016 को मोजरीला चीज का नमूना भरा था। होटल प्रबंधन मोजरीला चीज को बहादुरगढ़ स्थित कंपनी फ्लैंडर्स चीज प्राइवेट लिमिटेड से मंगाता है।
टीम ने चीज का नमूना लेकर लखनऊ राजकीय लैब में भेजा, जहां से आई रिपोर्ट में इसे मिस ब्रांड और सब स्टैंडर्ड श्रेणी में बताया गया है। उधर, राजपथ रेजीडेंसी होटल से पनीर का नमूना 17 मई 2016 को लिया गया था। इसकी भी रिपोर्ट में सब स्टैंडर्ड आया है।
नियमानुसार दोनों होटलों को नोटिस भेजा गया था। इसके साथ ही कार्रवाई करते हुए एडीएम कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पांच लाख रुपये तक देना पड़ सकता है जुर्माना
खाद्य एवं सुरक्षा विभाग सब स्टैंडर्ड श्रेणी मामले में अधिकतम पांच लाख और मिस ब्रांड में अधिकतम दो लाख रुपये तक का जुर्माना लगाता है। ऐसे में मना जा रहा है कि इन होटलों को भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।