रशियन युवती सोमवार सुबह राकेश मार्ग स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और अंग्रेजी में चिल्लाने लगी कि उसे उसके पति से मिलवाओ। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और सिविल डिफेंसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसे नीचे उतारा। बाद में उसे सिहानी गेट पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रात करीब 8:30 बजे युवती का पति थाने आया और युवती को अपने साथ ले गया।युवती ने पुलिस को बताया कि वह रशिया की रहने वाली है। इसी साल मई माह में इंडिया आई थी। दिल्ली मालवीय नगर में उसकी बहन पति के साथ रहती है।
बहन की शादी के दौरान उसकी मुलाकात मेरठ निवासी युवक से हुई थी, जिससे उसने 8 अक्तूबर को शादी कर ली थी। दोनों गोविंदपुरम में रह रहे हैं। युवती ने बताया कि रविवार रात से उसका पति गायब है। वह उसे तलाशती घूम रही है, मगर वह नहीं मिला। उसने तड़के करीब चार बजे उसे कॉल की थी, लेकिन वह कहां है, यह नहीं बताया था।
एसएचओ सिहानी गेट अवनीश दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने फेसबुक के जरिए युवती के पति के दोस्त से संपर्क किया तो पता चला कि रात को इन्होंने दिल्ली में दोस्त का बर्थडे सेलीब्रेट किया था, जिसके फोटो भी फेसबुक पर डाले गए हैं। इसके बाद गाजियाबाद आते हुए उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया।
युवती का पति तब से दिल्ली विकासपुरी थाना पुलिस की हिरासत में है, जबकि उसके दोस्तों ने युवती को गोविंदपुरम छोड़ दिया था। एसएचओ ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि युवती नशे में थी। नशे में होने की वजह से ही वह इधर-उधर भटक रही थी।
रात में दिल्ली से उसका पति थाने आया तो पूछताछ के बाद युवती को उसके सुपुर्द कर दिया गया। युवती के पति और दोस्त निजी कंपनी में जॉब करते हैं।