इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के शिप्रा सनसिटी के पास महिला से मोबाइल लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों बदमाश नोएडा की एक दवा की दुकान में काम करते हैं। महंगे स्मार्टफोन का शौक पूरा करने के लिए वे लूटपाट करने लगे।
सीओ इंदिरापुरम अनिल यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि शिप्रा सनसिटी के पास बाइक सवार बदमाश एक महिला का मोबाइल लूटकर भाग रहे हैं। वायरलेस पर सूचना फ्लैश होते ही इंदिरापुरम पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। रात करीब 8 बजे काला पत्थर के पास संदिग्ध बाइक सवार नजर आए।
पुलिस को देख बदमाश बाइक को मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक स्मार्टफोन मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों शिप्रा सनसिटी से स्मार्टफोन को लूटने की बात स्वीकार की। इनके नाम नंदग्राम निवासी अंकित कश्यप और हरवंश नगर सिहानी गेट निवासी अंकित कुमार हैं।
पूछताछ में दोनों ने यह भी बताया कि नोएडा सेक्टर-10 स्थित दवा की एक दुकान में नौकरी करते हैं। वेतन कम होने के कारण वे महंगे स्मार्टफोन को नहीं खरीद पा रहे थे। इसी शौक को पूरा करने के लिए दोनों लूट करने लगे।