गाजियाबाद। रिंगिंग बेल्स कंपनी के धोखाधड़ी मामले में एक और नया खुलासा हुआ है। पुलिस छानबीन में पता चला है कि मोहित गोयल ने गांव की 19 बीघा जमीन 65 लाख रुपये में बेचकर यह कंपनी शुरू की थी। वह नई मोबाइल कंपनी भी खोलने की फिराक में था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रिंगिंग बेल्स कंपनी का एमडी मोहित शामली के गांधी गंज मंडी का रहने वाला है। उसने नौकरानी की बात से आइडिया लेकर जमीन बेचकर नोएडा में कंपनी खोली। इसके बाद उसने दिल्ली के रहने वाले अशोक चड्ढा को अपनी कंपनी में डायरेक्टर बनाया और उससे भी 65 लाख रुपये कंपनी में लगवाए।
दोनों ने मिलकर कई केंद्रीय मंत्रियों को इस बारे में बताया और मेक इन इंडिया की तर्ज पर कंपनी खोली। उधर, सिहानी गेट एसएचओ डालचंद ने बताया कि सोमवार को गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी और कंपनी के अकाउंटेंट सुमित कुमार ने पूछताछ में बताया कि मोहित गोयल रिंगिंग बेल्स कंपनी को बंद करने वाला था।
वह लोगों द्वारा जमा कराए गए करोड़ों रुपये से पत्नी धारणा गर्ग के साथ मिलकर एक और मोबाइल कंपनी खोलने वाला था। इसके अलावा उसने पुलिस को कई और राजों के बारे में बताया है, जिनकी पुलिस तस्दीक कर रही है।
मोहित को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जाएगी। एसएचओ ने बताया कि सिहानी गेट पुलिस फरार तीन आरोपियों की तलाश में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों में मोहित की पत्नी धारणा गर्ग, उसका चचेरा भाई अनुभव और अशोक चड्ढा हैं।
बता दें कि बृहस्पतिवार रात को सिहानी गेट पुलिस ने एक डिस्ट्रीब्यूटर की एफआईआर के आधार पर रिंगिंग बेल्स कंपनी के मालिक मोहित गोयल को धोखाधड़ी के मामले में उनके इंदिरापुरम स्थित आवास से गिरफ्तार किया था।