सिहानी गेट थानाक्षेत्र की एक कालोनी में 5वीं क्लास की छात्रा (11) को घर में बंधक बनाकर पड़ोसी ने रेप किया। छात्रा की चीखों को दबाने के लिए आरोपी ने टीवी का वॉल्यूम बढ़ा दिया। इसके बाद आरोपी भाग गया।
छात्रा के पिता ने बताया कि वह वैशाली में दुकान चलाते हैं। पत्नी नौकरी करती हैं। दो बेटे हैं, जो ऑफिस गए थे। रविवार दोपहर करीब साढे़ तीन बजे बेटी घर में झाड़ू लगा रही थी। इस दौरान पड़ोसी अरुण घर में घुस गया।
मेनगेट का दरवाजा बंद कर छात्रा को घर में लॉक कर जबरदस्ती करने लगा। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। छात्रा के साथ रेप कर आरोपी भाग गया। शाम पांच बजे छात्रा की मां घर पहुंची तो बेटी को सहमी देख उन्होंने पूछताछ की। छात्रा ने मां को आपबीती सुनाई। रात 11 बजे छात्रा के पिता घर पहुंचे तो पत्नी ने उन्हें जानकारी दी।
छात्रा के पिता ने बताया कि रविवार देर रात ही उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिसकर्मियों ने सोमवार सुबह चौकी पर जाकर सूचना देने को कहा।
परिजनों का दावा है कि अगर पुलिस रात को ही एक्शन लेती तो शायद आरोपी पकड़ में आ जाता। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार सुबह आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी शादीशुदा है, उसके दो साल की एक बेटी भी है।
‘अंकल’ ने तोड़ा विश्वास
परिजनों ने बताया कि छात्रा आरोपी को ‘अंकल’ कहकर बुलाती थी। अंदेशा है कि वह कई दिनों से वारदात की फिराक में था। छात्रा के पिता ने बताया कि अक्सर जब घर पर बेटी अकेली होती थी तो वह मेनगेट बंद रखती थी। रविवार को झाड़ू लगाने की वजह से गेट खुला रह गया। वारदात से छात्रा डिप्रेशन में है। उसका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन उसे सदमे से उबारने की कोशिश कर रहे हैं।
छात्राओं से रेप की हालिया वारदातें
- सिहानी गेट में 11वीं की छात्रा से रेप
- विजयनगर में 7वीं की छात्रा से रेप
- कविनगर में 8वीं की छात्रा से घर में घुसकर रेप।