गाजियाबाद। कविनगर पुलिस ने बीए की छात्रा से रेप के आरोप में स्कूल संचालक पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। छात्रा की मां का आरोप है कि उसका पति पिछले सात साल से बेटी के साथ रेप कर रहा है। आरोपी अपने स्कूल में खुद भी गणित पढ़ाता है।
मूलरूप से बिहार का रहने वाला आरोपी पिता कविनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहता है। पुलिस के अनुसार आरोपी एक इंग्लिश मीडियम प्राइवेट स्कूल चलाता है। उसके बेटी एक प्राइवेट कालेज से बीए कर रही है।
रविवार शाम को कविनगर थाने पहुंची पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उसका पति सात साल से बेटी के साथ रेप कर रहा है। विरोध करने पर बेटी और पत्नी के साथ मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देकर बिहार भेजने की बात कहता था।
पीड़िता और उसकी मां ने इस घटना की चुपके से वीडियो बना ली। पीड़िता ने कविनगर थाने में पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कविनगर एसएचओ हेमंत राय का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने छात्रा को मेडिकल के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वीडियो की जांच की जा रही है।