नगर कोतवाली पुलिस ने त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर तीन होटलों में छापामारी की। इस दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति तो नहीं मिला लेकिन पांच प्रेमी जोड़े जरूर पुलिस के हत्थे चढ़े, जिन्हें हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले आई। उनसे देर रात तक पूछताछ की जा रही थी। प्रेमी जोड़े मेरठ, दिल्ली, बुलंदशहर के रहने वाले हैं।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीमें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश में होटल-रेस्टोरेंट में छापामारी कर रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार शाम बजरिया के तीन होटलों में छापामारी की गई, जिनमें से एक होटल के कमरों से पांच प्रेमी जोड़े मिले। इस दौरान होटल के बाहर भीड़ लग गई।
सीओ प्रथम इंद्रपाल यादव ने बताया कि पकड़ी गईं महिलाओं और युवकों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि आगे भी इस तरह का अभियान चलता रहेगा।बता दें कि त्योहारी सीजन में होटलों में संदिग्धों के रुके रहने का अंदेशा रहता है। इससे पहले पुलिस ने 20 अक्तूबर को टीएचए के डीएलएफ कालोनी स्थित एक रेस्टोरेंट में छापामारी की गई थी।\
वहां अश्लील हरकत करते 11 प्रेमी जोड़ों को पकड़ा गया था। बाद में प्रेमी जोड़ों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। इसके अलावा 13 अक्तूबर को नगर कोतवाली पुलिस ने बजरिया स्थित एक होटल में नाबालिग छात्रा के साथ रंगरलिया मना रहे युवक को गिरफ्तार किया था। इसके बाद गुस्साए लोगों ने होटल में तोड़फोड़ कर हंगामा किया था।
शहर के कई होटलों पर अक्सर आरोप लगते हैं कि वहां ‘रंगरलियां’ मनाई जाती हैं। पुलिस कई बार छापामारी भी कर चुकी है, लेकिन इस पर रोक नहीं लग पा रही है। लोगों का तो यहां तक आरोप है कि यह सब पुलिस की सरपरस्ती में चलता है। हालांकि पुलिस इन आरोपों को खारिज करती रहती है।