चलती ट्रेन में बदमाशों से मोबाइल बचाने के चक्कर में एक युवक की जान चली गई। अहमदाबाद मेल में कोच के गेट पर बैठकर सफर कर रहे युवक के मोबाइल पर बदमाशों ने झपट्टा मार दिया।
संतुलन बिगड़ने से युवक गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौत हो गई। युवक मोदीनगर के सीकरी मेले से दिल्ली अपने घर अहमदाबाद मेल से लौट रहा था।
जीआरपी इंस्पेक्टर पंकज लवानिया ने बताया कि दिल्ली निवासी सन्नी (25) शुक्रवार देर रात अहमदाबाद मेल से सीकरी मेले से दिल्ली जा रहा था। वह हाथ में मोबाइल लिए कोच के गेट पर बैठा था। ट्रेन भाटिया मोड़ पर पहुंची तो आउटर की वजह से रफ्तार धीमी हो गई।
इसी दौरान ट्रैक किनारे खड़े बदमाशों ने उसके मोबाइल पर झपट्टा मार दिया। इससे सन्नी हड़बड़ा गया और मोबाइल बचाने के चक्कर में चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। उसके साथ सफर कर रहे साथी ने सूचना जीआरपी को दी। क्षेत्र मोदीनगर जीआरपी का होने की वजह से वहीं की राजकीय रेलवे पुलिस ने शव का पंचनामा भरा।