सहारनपुर में दिल्ली रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में कपड़ा व्यापारी को एक युवक बातों में उलझा कर दो लाख रुपये लेकर गायब हो गया। इस दौरान बैंक कर्मचारियों का रवैया बेहद गैर जिम्मेदाराना रहा।
इसे लेकर व्यापारियों ने बैंक में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक से सीसीटीवी फुटेज निकाला तो उसमें ठग की पहचान कर ली गई।
रायवाला मार्केट एसोसिएशन के संरक्षक और कपड़ा व्यापारी रमेश अनेजा चंद्र नगर में रहते हैं। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के उपाध्यक्ष भी हैं।
शनिवार की सुबह 11 बजे ही वह दिल्ली रोड स्थित पीएनबी शाखा में अपने खाते में पैसा जमा कराने के लिए पहुंच थे। रमेश के मुताबिक बैंक में भीड़ होने से वह काउंटर के पीछे खड़े थे।
इस बीच एक युवक ने उन्हें नमस्ते किया और दूसरे काउंटर की ओर चला गया। इसी दौरान युवक ने कई बार उसे नमस्कार किया। कुछ देर बाद युवक उनके पास आया और बोला, अंकल मैं आपके पैसे जमा करा देता हूं। व्यापारी से पैसे लेकर वह सीधे काउंटर की ओर गया। वहां से तुरंत ही लौटा और बोला इसमें गलती हो गई है।
इसे ठीक करना पड़ेगा। बोला, अंकल आप बैठो, मैं जमा कराता हूं। करीब दो मिनट बाद जब वे काउंटर पर गए तो आरोपी युवक वहां दिखाई नहीं दिया। पूछताछ पर भी किसी ने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
इस बीच उसे समझ में आया कि उससे ठगी हो गई है। उसने बैंक कर्मचारियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन टालू रवैया दिखाया।
इसकी सूचना पर व्यापारी नेता राजकुमार मक्कड़, रवि जुनेजा, अमित गर्ग, रवि मक्कड़ समेत अन्य लोग बैंक में पहुंच गए और पुलिस को सूचना दे दी। व्यापारियों ने बैंक कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाने के बाद जमकर हंगामा किया।
शाखा प्रबंधक के अवकाश पर होने के कारण व्यापारियों ने मुख्य शाखा के अधिकारियों को भी पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच के साथ मामले के जल्द खुलासा का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।