इंदिरापुरम गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी के पास शुक्रवार रात हथियारबंद तीन बदमाशों ने प्रोडक्शन हाउस संचालक के साथ लूटपाट की। उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
बदमाश सोने की चेन, दो अंगूठी, आईफोन और पर्स लूटकर भाग गए। आरोप है कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पीसीआर वैन थी, लेकिन पुलिस वालों को पता तक नहीं चला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
शक्तिंखड-4 निवासी शैलेंद्र कौशिक इंदिरापुरम में ही अपना प्रोडक्शन हाउस चलाते हैं। पिछले कुछ दिन से उनकी मां बीमार हैं और दिल्ली के दीप मेमोरियल अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह अस्पताल से लौट रहे थे।
यूपी गेट पर आटो से उतरकर वह पैदल गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की ओर आ रहे थे। यहां उनकी पत्नी कार लेकर उनका इंतजार कर रही थीं। वह एनएच-24 से नीचे उतरकर गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी के सामने पहुंचे थे कि तीन युवकों ने उन्हें नहर रोड की झाड़ियों के अंदर खींच लिया।
एक युवक ने उनकी गरदन पर चाकू लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। अन्य दो युवकों ने उनकी चेन, दो अंगूठी, आईफोन और पर्स निकाल लिया। उन्होंने विरोध किया तो तीनों ने लात घूंसों से उन्हें पीटा। मारपीट में सिर पर चोट लगने से वे बेहोश हो गए।
करीब 15 मिनट बाद जब उन्हें होश आया तो युवक वहां से भाग चुके थे। वह रिक्शा लेकर कुछ दूरी पर पहुंचे जहां पत्नी कार लेकर खड़ी थीं। पत्नी और एक दोस्त की मदद से उन्हें पास के अवंतिका अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उनके सीने, सिर और पैर में गुम चोटें आईं हैं। शैलेंद्र का आरोप है कि घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर पीसीआर वैन खड़ी थी। इसके बावजूद पुलिस को वारदात का पता नहीं चला। सीओ इंदिरापुरम अनिल यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
- वैन खड़ी रहती है नहीं करती गश्त
गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी के रेजीडेंट्स ने बताया कि दो दिन पहले भी एक कोरियर ब्वॉय के साथ इसी जगह पर लूटपाट और मारपीट की गई थी। कोरियर ब्वॉय बिना पुलिस को सूचना दिए दिल्ली अपने घर चला गया था।
इसके अलावा नहर पर बनी वैशाली पुलिया के पास और एनएच-24 दोनों जगह पुलिस तैनात रहती है लेकिन गश्त नहीं करती। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश लोगों को झाड़ियों में ले जाकर लूटपाट करते हैं।