'उड़ता गाजियाबाद' की दिशा में बढ़ रहे युवाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने सोमवार को पहला कदम उठा ही लिया। अमर उजाला ने प्रशासन की रिपोर्ट की पोल खोली, तो पुलिस ने सोमवार को इंदिरापुरम के चार हुक्का बारों पर डंडा चलाया। आदित्य मॉल स्थित तीन हुक्का बारों को पुलिस ने बंद कराया,
हालांकि एक हुक्का बार में सिर्फ रेस्टोरेंट और स्नूकर गेम खिलाए जाने के लाइसेंस के चलते उसे खुला रहने दिया गया। वहां पर हुक्का बार बंद कर दिया गया था। सोमवार शाम एसआई अविनाश गौतम की अगुवाई में पुलिस टीम आदित्य मॉल पहुंची, तो बार में बैठे युवाओं में भगदड़ मच गई। युवा वहां से निकल गए। इसके बाद टीम ने तुरंत फर्स्ट फ्लोर स्थित तीन हुक्का बारों के रजिस्टरों की जांच की।
बार संचालकों के पास किसी प्रकार का लाइसेंस नहीं मिला। जिसके बाद उन्हें बंद करा दिया गया। संचालकों को चेतावनी दी गई कि बिना लाइसेंस कोई भी काम किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि चौथे हुक्का बार संचालक ने आश्वासन दिया कि वह सिर्फ रेस्टोरेंट चलाने के साथ स्नूकर गेम खिला रहा है, जिसका लाइसेंस उसके पास है। हुक्का बार बंद कर दिया गया है।
पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि जल्द ही कौशांबी और अन्य स्थानों पर चल रहे हुक्का बारों पर भी कार्रवाई कर उन्हें बंद करवाया जाएगा। दोबारा खुले मिलने पर एफआईआर दर्ज कर संचालकों की गिरफ्तारी की जाएगी।
मॉल प्रबंधन और सिक्योरिटी पर होगी कार्रवाई
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मॉल प्रबंधन और सिक्योरिटी से भी बात की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मॉल में कोई भी गैरकानूनी गतिविधि होती मिलती है तो उसके लिए प्रबंधन और सिक्योरिटी दोनों जिम्मेदार होंगे। सीओ इंदिरापुरम ने बताया कि दोबारा बिना लाइसेंस बार चलते हैं, तो मॉल प्रबंधन के खिलाफ भी एफआईआर करवाई जाएगी।
हुक्का फ्लेवर बनाने का सामान किया जब्त
पुलिस ने बार में हुक्का फ्लेवर बनाने वाले सामान को भी जब्त किया। एसआई अविनाश गौतम ने बताया कि सामान को जांच के लिए भेजा जाएगा। अगर इसमें कोई नशीला पदार्थ मिलता है, तो एफआईआर दर्ज की जाएगी।
खबर प्रकाशित होने के बाद मचा हड़कंप, कई हुक्का बार रहे बंद
गौरतलब है कि बीते शनिवार को प्रशासन की ओर से दावा किया गया था कि सभी हुक्का बारों को बंद करवा दिया गया है, मगर रविवार को अमर उजाला की टीम बार पर पहुंची, तो यहां युवक धुएं के कश लगा रहे थे।
सोमवार के अंक में प्रशासन के झूठे दावों की पोल खोल दी गई। सूत्रों की मानें तो सोमवार को दोबारा प्रकाशित होने के बाद डीएम ने तुरंत संज्ञान लिया और कार्रवाई के आदेश दिए। हालांकि कार्रवाई की आशंका से सोमवार सुबह कौशांबी और जयपुरिया मॉल के पास चल रहा हुक्का बार बंद रहा।
अभी यहां चल रहे हैं हुक्का बार
शालीमार गार्डन, गौड़ प्लाजा चौक के पास, कौशांबी, जयपुरिया मॉल के पास अभी भी बिना लाइसेंस हुक्का बार धड़ल्ले से चल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो हर माह एक बड़ी रकम कुछ पुलिसकर्मी यहां से वसूलते हैं। उनकी मिलीभगत से ही बिना लाइसेंस यह नशे का गोरखधंधा चलता है।
हुक्का बार संचालक पर एफआईआर दर्ज
हॉट सिटी के हुक्का बारों में सोमवार को पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी में वैशाली सेक्टर-4 स्थित ओह चार्ली हुक्का बार पर छापेमारी की गई। छापेमारी की कार्रवाई में हुक्का बार से तपित गुप्ता को निवासी मानसरोवर पार्क दिल्ली को गिरफ्तार किया गया। फूड एंड सेफ्टी एक्ट के तहत बगैर लाइसेंस हुक्का बार का संचालन करने पर चालान भी काटा गया।