शिप्रा सनसिटी की विंडसर नोवा सोसायटी में एक इंजीनियर के घर में घुसे बदमाशों ने बुधवार शाम उन्हें गनप्वाइंट पर लेकर लाखों की ज्वैलरी और कैश लूट लिया।
विंडसर नोवा सोसायटी के फ्लैट संख्या 21/5 में मनु कुमार बेटे के साथ रहते हैं। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं।
बुधवार सुबह मनु बेटे के साथ किसी काम से नोएडा गए थे। शाम करीब चार बजे वह लौटे तो देखा कि उनके फ्लैट का दरवाजा खुला है। वह अंदर पहुंचे तो दो युवक अंदर गठरी बांध रहे थे।
उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया, तभी एक बदमाश ने उन पर तमंचा तान दिया। दूसरा बदमाश रॉड लेकर आया और उनके बेटे पर रॉड तानते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चोर गठरी बांधकर वहां से भाग गए।
बदमाशों के फ्लैट से निकलते ही मनु ने शोर मचाया तो बाहर खड़े एक गार्ड ने उनका पीछा किया, लेकिन दोनों बदमाश सोसायटी के बाहर खड़ी एक सफेद कार में बैठकर भाग गए। मनु कुमार ने बताया कि बदमाश घर से डेढ़ लाख की ज्वैलरी, चार हजार की नगदी और अन्य सामान ले गए हैं।
एसएचओ ने बताया कि पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। दर्जनभर गार्ड, भागने में कामयाब रहे बदमाश: सोसायटी में करीब एक दर्जन गार्ड तैनात हैं, लेकिन कोई भी बदमाशों को पकड़ नहीं सका।
लोगों ने बताया कि कुत्तों के डर से गार्ड बदमाशों के पीछे ही नहीं दौड़े। इतना ही नहीं बदमाश जिस कार से आए वह सोसायटी के बाहर ही खड़ी थी। इस संदिग्ध कार पर भी किसी गार्ड की नजर नहीं पड़ी।
10 सीसीटीवी कैमरे निकले खराब: पुलिस ने जब सोसायटी के सीसीटीवी की जांच की तो दर्जनभर 10 सीसीटीवी कैमरे खराब निकले। इस पर पुलिस ने स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को तुरंत कैमरे ठीक कराने के निर्देश दिए।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारी पीयूष मिश्रा ने बताया कि कुछ कैमरे खराब थे। इसकी जानकारी नहीं मिल सकी थी। उन्हें ठीक करवा दिया गया है। मुख्य द्वार का कैमरा सही था। इसकी फुटेज पुलिस को दी गई है।