रिकार्ड रूम का बदमाशों द्वारा काटा गया दरवाजा।
- फोटो : ब्यूरो
पांच दिन पूर्व मोदीनगर पीएनबी कपड़ा मिल शाखा में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में शुक्रवार को एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम ने ताबड़तोड़ कई गांवों में छापामारी की। इस दौरान पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया। सूत्रों के अनुसार चोरी की वारदात के तार मुरादनगर और आसपास के गांवों से जुड़ते नजर आ रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले में कुछ भी नहीं बोल रही है।
मामले में मोदीनगर, मुरादनगर, निवाड़ी, भोजपुर थाना पुलिस के साथ एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है। शुक्रवार को एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम ने ताबड़तोड़ छह से अधिक गांवों में छापेमारी कर कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। टीम ने गंगनहर चौकी पर भी हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ की।
सूत्रों की मानें तो लगता है कि मोदीनगर पंजाब नेशनल बैंक की करोड़ों की चोरी की वारदात के तार मुरादनगर व आसपास के गांवों से जुड़े लग रहे हैं। मामले में पुलिस के हाथ कई महत्वपूर्ण सुराग भी लगे हैं। हालांकि, मामले में कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।