मेरठ रोड स्थित एक फार्म हाउस में शादी समारोह में आए बाराती का कार पार्किंग को लेकर विवाद पर गया। आरोप है कि फार्म हाउस के मालिक और उसके बाउंसरों ने बाराती युवक को हॉकी और बेसबॉल के डंडे से पीटा, जिससे वह घायल हो गया। इस संबंध में सिहानी गेट थाने में तहरीर दी गई है।
पीड़ित निजाम धूम मानिकपुर दादरी ग्रेटर नोएडा है। वह गांव में ही दर्जी का काम करता है। उसके चाचा शमशाद निवासी सेक्टर-23 संजय नगर ने बताया कि उनका भतीजा शनिवार को गांव के ही रहने वाले परवेज की शादी में मेरठ रोड स्थित एक फार्म हाउस में आया था।
निजाम जब खाना खाकर बाहर आया तो वहां पार्किंग में कार खड़ी करने को लेकर कुछ लोगों की कहासुनी हो रही थी। निजाम वहां खड़ा होकर दोनों पक्षों को समझाने लगा। इसके बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए। आरोप है कि इसी दौरान फार्म हाउस का मालिक तीन बाउंसरों के साथ वहां पहुंचा।
बाउंसरों ने निजाम की हॉकी स्टिक और बेसबॉल के डंडों से जमकर पिटाई की। आसपास खड़े लोगों ने अंदर चल रही पार्टी में जाकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद बाहर आए लोगों ने निजाम को घायल अवस्था में एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया।
लोगों ने 100 नंबर पर कॉल कर झगड़े की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक फार्म हाउस मालिक और बाउंसर वहां से जा चुके थे। इस मामले में शमशाद ने रविवार को फार्म हाउस मालिक और उसके तीन बाउंसरों के खिलाफ सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है।
इस संबंध में सीओ सेकेंड मनीष मिश्र का कहना है कि युवक के साथ मारपीट हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस चारों आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस की मानें तो कार पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, लेकिन बाउंसरों ने निजाम को ही आरोपी पक्ष का समझा और उसकी पिटाई कर दी।
मेडिकल रिपोर्ट में आई गंभीर चोट
पुलिस द्वारा करवाए गए मेडिकल में निजाम के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। झगड़े में उसका एक दांत भी टूट गया। इसके अलावा उसके पेट, कमर, हाथ, पैर और सिर में भी चोटें आई हैं।