शालीमार गार्डन निवासी युवती को पिछले दो दिनों से एक अज्ञात नंबर से अश्लील कॉल्स आ रहे हैं। युवती ने मामले की शिकायत थाना सहिबाबाद में की है। पुलिस ने शिकायत लेकर नंबर सर्विलांस पर लगा कर जांच शुरू कर दी है।शालीमार गार्डन बी-ब्लॉक निवासी पीड़िता नोएडा की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत है।
पीड़िता के अनुसार दो दिन पहले उनके मोबाइल पर एक युवक का कॉल आया। उन्होंने युवक का नाम पूछा तो उसने कहा कि नाम छोड़ो, आपसे ही बात करनी है। इस पर युवती ने कॉल काट दिया। दूसरी बार कॉल आया तो उसे लगा कि कोई दोस्त मजाक कर रहा होगा मगर युवक ने फोन उठाते ही अश्लील बातें करना शुरू कर दिया।
युवती के अनुसार एक मोबाइल पर उसके नंबर को ब्लॉक किया तो दूसरे मोबाइल पर कॉल कर रहा है, जिसमें नंबर ब्लॉक करने की सुविधा नहीं है। युवती मंगलवार को थाना साहिबाबाद पहुंची और शिकायत दी। एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।
नंबर को सर्विलांस पर लगवा दिया गया है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।