राजनगर स्थित बिल्डिंग में आग लगने के बाद हुई पांच लोगों की मौत की ह्दयविदारक घटना से परिजन सहमे हुए हैं। मोदीनगर निवासी पीयूष गोयल की पत्नी पल्लवी गुप्ता का हाल बेहाल है। पल्लवी ने अपना दर्द अपने फेसबुक अकाउंट पर बयां किया है। लोग उन्हें दुख की इस घड़ी को सहन करने के लिए कह रहे हैं।
पल्लवी ने 16 मई को रात करीब पौने दस बजे अपने फेसबुक अकाउंट पर अंग्रेजी में पति की मौत के बाद महसूस हो रहे दर्द को अंग्रेजी में बयां किया है। इसका हिंदी अनुवाद हैं कि ‘मेरे साथ दु:खद हादसा हुआ है। मैंने अपने पति को खो दिया है।
वह मेरी जिंदगी, मेरे सबकुछ थे। अब जीवन खाली है। मैं अब सिर्फ मौत के लिए सोच रही हूं। मैं नहीं जानती कि किस समय तक मैं हिम्मत जुटा पाऊंगी। अब मैं महसूस कर रही हूं कि यहां कोई भगवान नहीं हैं।
मैं सिर्फ अपने पति के लिए प्रार्थना करती हूं जो इस समय तारा बन चुके हैं कि मुझे भी वहां पर बुला लें तब हम दोनों साथ रह पाएंगे। ईश्वर बहुत निर्दयी है। मैं इस संसार से नफरत करती हूं। मैं मरना चाहती हूं। अब मेरी खुशियां हमेशा के लिए खत्म हो गई हैं।
वह (पति) बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। इतना प्यार क्यों किया मुझे, मैं तीन दिन से बुला रही हूं..आ जाओ..नहीं आए। अब कोई आशा नहीं है। मैं इस संसार को बाय-बाय कहना चाहती हूं। मैं बहुत अकेला महसूस कर रही हूं, इसे बता नहीं सकती।’
बता दें कि पीयूष गोयल की हाल ही में दो मई को शादी की पहली सालगिरह थी। फेसबुक पर लोग हादसे में पीयूष और उनके साथी कर्मचारियों की मौत पर दुख प्रकट कर रहे हैं। हर कोई भगवान से मृतकों की आत्मा को शांति देने और परिजनों को दुख के इस क्षणों को सहन करने के लिए शक्ति देने की प्रार्थना कर रहा है।