पुरानी रंजिश के चलते एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के दो लोगों पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसमें दोनों जख्मी हो गए। आल्टो में सवार हो कर आए हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने दोनाें घायलों को उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में हरीश कुमार और गणेश कुमार दोनों निवासी बिलावर के खिलाफ धारा 307-4/25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को पड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने हमलावरों द्वारा सुकराला रोड पर पनाड पुल के नजदीक छोड़ी गई आल्टो को जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार वारदात मंगलवार की दोपहर को नाज पुल के करीब इंडेन गैस एजेंसी के पास अंजाम दिया गया। वहां पीपल के पेड़ के नीचे मुनीश कुमार उर्फ लकी (34) निवासी फिंतर और राकेश कुमार उर्फ बंटू (36) निवासी बंहोड खाना खा रहे थे।
इसी दौरान हमलावर हरीश और गणेश कार से वहां जा धमके और तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर कर दिया। इससे पहले दोनों संभलते आरोपी कार में सवार होकर भाग गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भरी दोपहर को वारदात होने के चलते मौके पर अफरातफरी मच गई।