चंडीगढ़ कोर्ट, हाईकोर्ट, अदालत, न्यायालय
- फोटो : file photo
नोएडा के चर्चित निठारी कांड प्रकरण के एक मामले में कोर्ट पांच अक्तूबर को अपना फैसला सुना सकती है। मंगलवार को हुई सुनवाई के बाद सीबीआई विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी ने यह प्रकरण अब फैसले के लिए लगा दिया है।निठारी प्रकरण की सुनवाई मंगलवार को थी।
इसी के चलते डासना जेल में बंद आरोपी सुरेंद्र कोली को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। जमानत पर चल रहा दूसरा आरोपी मोनिंदर सिंह पंधेर भी कोर्ट में पेश हुआ। इस प्रकरण में फाइनल बहस होनी थी, मगर आरोपी सुरेंद्र कोली ने कोर्ट को बताया कि उसके अधिवक्ता आज किसी कारणवश नहीं आ सके हैं।
कोली ने आगामी कोई तारीख नियत किए जाने की प्रार्थना कोर्ट से की। इस पर सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक जेपी शर्मा ने कहा कि मामला 2013 से बहस में चल रहा है। इस पर फाइनल बहस भी हो चुकी है। अब इस मामले में बार-बार अवसर देना हाईकोर्ट के सिद्धांतों के खिलाफ है।
इस पर न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी ने इस मामले को फैसले में लगाते हुए 5 अक्तूबर की तारीख नियत कर दी। न्यायाधीश ने डिफेंस को एक मौका देते हुए यह भी कहा है कि डिफेंस के अधिवक्ता चाहे तो 30 सितंबर तक इस प्रकरण में अपना पक्ष कोर्ट में प्रस्तुत कर सकते हैं। बता दें कि निठारी कांड के पांच मामलों में आरोपी सुरेंद्र कोली को फांसी की सजा सुना चुकी है।