किशोरियों की मौत के बाद विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सुबह घर से जॉगिंग के लिए निकली दो युवतियों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवतियों की मौत हो गई। विजयनगर पुलिस घटना की जांच कर रही है। मामला प्रताप विहार चौकी इलाके के बुद्ध विहार कालोनी का है।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से जॉगिंग के लिए निकली दो सहेलियों को प्रताप विहार हिंडन नदी रोड पर एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवतियों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। दोनों की पहचान देव ज्योति (18) पुत्री कांता प्रसाद और कुमारी नंदनी (17) पुत्री हरीश निवासी बुद्ध विहार के रूप में हुई।
देव ज्योति आनंद विहार के सरकारी स्कूल में 12वीं क्लास में पढ़ती थी, जबकि नंदनी 10वीं कक्षा की छात्रा थी। नंदनी मूल रूप से हाथरस जिले के साहनी इलाके की रहने वाली थी। दोनों युवतियों के पिता नोएडा की अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं।
परिजनों ने बताया कि नंदनी और उसका परिवार पिछले छह माह से कांता प्रसाद के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहा है। दोनों युवतियां एक-दूसरे की अच्छी दोस्त थीं। परिजनों ने बताया कि दोनों युवतियां सुबह करीब साढ़े चार बजे एक दूसरे को जगाकर जॉगिंग के लिए तैयार होती थीं। पिछले दो माह से हिंडन नदी रोड पर जॉगिंग के जाती थीं।
दोनों युवतियां पुलिस में भर्ती होना चाहती थीं। इसी के चलते सुबह के समय प्रतिदिन 10 किलोमीटर तक दौड़ लगाती थीं। एसओ विजयनगर नजीर अली खान का कहना है कि युवतियों के परिजनों ने आरोपी अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। इस मामले में एफआईआर लिखी जा रही है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।