फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापता छात्र का सिर कटा शव मिलने से सनसनी

Sun, 09 Oct 2016 12:51 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला गाजियाबाद
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
10 दिन से लापता छात्र का सिर कटा शव नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस ने भी लापरवाही बरती। 9 दिन तक परिजन छात्र को तलाशते रहे मगर पुलिस ने गुमशुदगी तक दर्ज नहीं की।
विज्ञापन


शुक्रवार रात को परिजनों ने जब थाने में हंगामा किया तब कहीं उनकी रिपोर्ट दर्ज हुई। परिजनों का कहना है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस हादसे और आत्महत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।

सिहानी गेट पुलिस के अनुसार मृतक छात्र की पहचान सद्दाम सैफी (18) पुत्र शब्बीर सैफी के रूप में हुई है, जो मालीवाड़ा में किराए के घर में परिवार के साथ रहता था। वह कविनगर स्थित सरकारी स्कूल में 10वीं का छात्र था।
विज्ञापन


उसका परिवार मूलरूप से बदायूं के  विनावरा थाना क्षेत्र के भटोली गांव का रहने वाला है। सद्दाम के पिता शब्बीर नोएडा की एक कंपनी में काम करते हैं। परिजनों ने बताया कि 27 सितंबर दोपहर को शब्बीर पत्नी के साथ डॉक्टर के पास गए थे।

वह जब वापस आए तो सद्दाम घर पर नहीं मिला था। पड़ोस और रिश्तेदारी में ढूंढने के बाद परिजन 28 सितंबर को सिहानी गेट थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने गए, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

10  दिन बीत जाने के बाद भी जब बेटा घर नहीं लौटा तो शुक्रवार रात को परिजनों ने थाने पर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। सद्दाम छह भाई बहनों में दूसरे नंबर का था।

10 दिन तक पड़ा रहा शव, किसी को भनक नहीं
छात्र का शव जिस जगह से बरामद हुआ है वहां से रेलवे स्टेशन की दूरी मात्र 250 मीटर जबकि थाने की दूरी 400 मीटर है। न तो पुलिस को और न ट्रैक की निगरानी करने वाले रेलवे कर्मचारियों को इसकी भनक लगी।

शनिवार को भी बदबू आने पर किसी राहगीर ने सिहानी गेट पुलिस को सूचना दी तो पुलिस एक्शन में आई। कपड़ों में मिले आईकार्ड से छात्र की पहचान हुई। इसके बाद उसके परिजनों को बुलाकर कपड़े दिखाए तो उन्होंने भी शिनाख्त सद्दाम के रूप में की।

बिलखते परिजनों का कहना था कि सद्दाम की हत्या की गई है। वहीं इस संबंध में सीओ सेकेंड मनीष मिश्रा का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही कारणों का पता चलेगा।

पुलिस को सिर की तलाश
 पुलिस जब सूचना के बाद मौके पर पहुंची तो सद्दाम का केवल धड़ ही मिला। पुलिस आसपास के इलाके में उसके सिर की तलाश रही है। वहीं पुलिस को यह भी शक है कि कहीं जानवर तो नहीं सिर उठाकर ले गए।

एसएचओ की सफाई
सिहानी गेट के एसएचओ अवनीश गौतम का कहना है कि हो सकता है पहले परिजनों ने चौकी पर तहरीर दी हो। शुक्रवार रात को परिजन थाने आए तो फौरन उनकी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।


ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत
 साहिबाबाद गांव के पास शनिवार को रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। दिल्ली के लालबाग निवासी अमित (20) साहिबाबाद गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आया था।

सुबह स्टेशन पर जाने के लिए वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था कि ईएमयू ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने लोगों की मदद से उससे एक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के पास मिले वोटर कार्ड और मोबाइल नंबर से उसकी शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।            
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें