पसौंडा और भोपुरा के बीच पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया है। उसे नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से तमंचा, पिस्टल और बाइक बरामद की गई है जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया।
वाकया शनिवार देर रात करीब पौने 11 बजे का है। पसौंडा में नंबरदार गेस्ट हाउस के सामने पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मी चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आए, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक वापस घुमा ली और भागने लगे।
पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर गोलियां चला दीं। जवाब में तुलसी निकेतन चौकी इंचार्ज कवीश ने फायर किया तो गोली बाइक पर पीछे बैठे बदमाश के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया जबकि उसका साथी बाइक छोड़कर पैदल ही अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
सूचना पर पुलिस अफसर मौके पर पहुुंचे और पूछताछ की। एसएसपी केएस इमेनुएल ने बताया कि पकड़ा गया घायल बदमाश वसीम निवासी विकासपुरी लिसाड़ी गेट मेरठ है, फरार साथी का नाम जनरल मलिक बताया है। वह भी लिसाड़ी गेट का ही है। दोनों का क्रिमिनल रिकॉर्ड पता किया जा रहा है।
रात 12:30 बजे तक कांबिंग
एसपी सिटी ने बताया कि दोनों बदमाश किसी वारदात की फिराक में जा रहे थे। घायल बदमाश से पूछताछ के बाद कई खुलासे होने की उम्मीद है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस रात 12:30 बजे तक खेतों में कांबिंग कर रही थी।