बंसतपुर सैंथली गांव के गेट के पास शनिवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखा ट्रांसपोर्टर से 12 हजार की नगदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने ट्रांसपोर्टर को पीटा और फरार हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि वह घटना के बाद एक घंटे तक 100 नंबर डायल करता रहा, लेकिन नंबर ही नहीं मिला। पीड़ित ने रविवार सुबह थाने में तहरीर दी। हालांकि पुलिस ने उसे फटकार लगाकर भगा दिया।
आयुध निर्माणी परिसर स्थित क्यू टाइप निवासी गौरव ट्रांसपोर्टर है। शनिवार रात करीब आठ बजे वह बसंतपुर सैंथली गांव के पास स्थित देव ट्रांसपोर्ट के दफ्तर में रुपये लेने गया था। यहां से उसने 12 हजार रुपये लिए और सवारी के इंतजार में गांव गेट के पास खड़ा हो गया।
पीड़ित के मुताबिक इसी बीच बाइक सवार तीन युवक आए और उससे मुरादनगर बस स्टैंड का पता पूछा। वह कुछ समझ पाता कि बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उस पर तमंचा तान दिया और गोली मारने की धमकी देकर उसकी जेब से 12 हजार रुपये की नगदी निकाल ली।
विरोध करने पर बदमाशों ने उसे पीटा और मुरादनगर की ओर फरार हो गए। पीड़ित के मुुताबिक घटना की सूचना देने के लिए वह एक घंटे तक मोबाइल से 100 नंबर डायल करता रहा, लेकिन नंबर नहीं मिल सका। रविवार सुबह पीड़ित ने थाने में पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज करने की बजाए डांट फटकार कर उसे भगा दिया। उधर, एसओ हरिदयाल यादव का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। यदि थाने में किसी पुलिस कर्मी ने पीड़ित की सुनवाई नहीं की है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।