कस्बा के गांधी सेवा सदन की करीब 175 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर बिसौली एसडीएम आरडी राम की ओर से कार्रवाई को दिए गए आदेश पर रविवार को पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर जमीन कुर्की की कार्रवाई करते हुए जमीन और फसल को तीसरे पक्ष के सुपुर्द कर दिया है। उल्लेखनीय है कि गांधी सेवा सदन की कमेटी बीते पांच वर्षों से अस्तित्व में नहीं है। इससे इस संस्था की बागडोर इन दिनों खादी आयोग के अधीन है। संस्था पर दो अलग-अलग कमेटियां अपना-अपना दावा कर रहीं है। आरोप है कि कुछ दबंगों ने राजनैतिक लाभ उठाते हुए संस्था की उस जमीन पर कब्जा कर लिया था। जिसे मुक्त कराने के लिए संस्था के संस्थापक त्रिवेणी सहाय के पुत्र एवं संस्था में कमेटी के प्रमुख दावेदार अनिल कुमार पाठक की ओर से एसडीएम के यहां शिकायत की गई। थाना फैजगंज बेहटा पुलिस और कानूनगो, लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर पूरी जमीन की पैमाइश कर जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल मानपुर निवासी चंद्रपाल सिंह पुत्र भागीरथ सिंह तथा फैजगंज बेहटा निवासी अजय पाराशरी पुत्र मुन्ना लाल पाराशरी की सुपुर्दगी में दी। कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में खलबली मची है।