अस्थायी पार्किंग बनाए जाने और पीली पट्टी खींचे जाने के बावजूद अंबेडकर रोड पर जाम लग रहा है। लोग येलो लाइन (पीली पट्टी) के बाहर और पार्किंग से अलग सड़क किनारे वाहन पार्क कर रहे हैं।त्योहारी सीजन में जाम से निबटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अंबेडकर रोड पर बुधवार से अस्थायी पार्किंग शुरू की थी।
साथ ही लोहियानगर से लेकर चौधरी मोड़ तक सड़क किनारे पीली पट्टी खींची थी। ट्रैफिक पुलिसकर्मी अनाउंसमेंट कर हिदायत दे रहे हैं कि वाहन पीली लाइन के अंदर या पार्किंग में खड़े करें। अगर किसी ने लाइन से बाहर सड़क पर वाहन खड़े किए तो चालान काटा जाएगा। बावजूद इसके लोग ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिससे जाम लग रहा है।
रविवार को बाजारों में भीड़ ज्यादा थी और सड़कों पर वाहन पार्क करने से जाम लगा रहा।एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने जनता से अनुरोध किया है कि ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस की मदद करें। फिर भी अगर व्यक्ति नियमों का उल्लघंन कर रहे हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी वहां खड़ी क्रेन की सहायता से उस वाहन को उठवा कर थाने भिजवा देंगे या चालान काटेंगे।