मोहन नगर चौराहे पर आए दिन जाम से जूझने वाले हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) से मोहन नगर चौराहे पर अंडरपास बनाने के लिए जल्द ही तकनीकी सहमति मिलने वाली है। इसके बाद जीडीए 10 करोड़ रुपये की लागत से चौराहे पर अंडरपास का निर्माण शुरू करेगा।
तीन लेन चौड़े इस अंडरपास से गाजियाबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को निकाला जाएगा। दिलशाद गार्डन टू नया बस अड्डा मेट्रो चालू होने से पहले अंडरपास बनकर तैयार हो जाएगा।
बता दें कि दो साल में मोहन नगर चौराहे पर यातायात का दबाव कम करने के लिए कई उपाय किए गए लेकिन सिग्नल फ्री करने से लेकर यू टर्न तक के उपाय लोगों को जाम से राहत नहीं दिला पाए। जानकारों के मुताबिक जब मोहन नगर से मेट्रो गुजरेगी तो यहां ट्रैफिक का दबाव और बढ़ जाएगा।
इसे देखते हुए जीडीए ने करीब छह माह पहले मोहन नगर चौराहे पर अंडरपास बनाने की योजना बनाई थी। इस योजना को 15 सितंबर को अवस्थापना निधि की बैठक में लाया गया था और इसकी अनुमानित लागत 40 करोड़ आंकी गई थी। बैठक में इसके लिए दस करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी।
इसके बाद जीडीए ने डीएमआरसी की तकनीकी शाखा से यह अनुरोध किया था कि वह चौराहे का सर्वे कर बताएं कि यहां अंडरपास बनाना संभव है या नहीं। इस बारे में डीएमआरसी सूत्रों ने बताया कि चार माह से तकनीकी सर्वेक्षण का काम चल रहा था जो अब पूरा होने वाला है।
सर्वेक्षण में यह पाया गया कि यहां अंडरपास बनाया जा सकता है। जीडीए के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विमल सोनकर ने बताया कि इस संबंध में डीएमआरसी के कंसलटेंट से पत्राचार किया गया है। फिजिबिलिटी रिपोर्ट मंगाई जा रही है। रिपोर्ट मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि अब चुनाव के बाद ही काम शुरू हो पाएगा।
जीडीए वीसी विजय यादव ने बताया कि मोहन नगर चौराहे पर जगह की कमी के कारण ट्रैफिक से निपटने के लिए अंडरपास ही एकमात्र उपाय है। प्रस्तावित अंडरपास से करीब 200 मीटर पहले जीटी रोड पर गाजियाबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को बाएं तरफ मोड़ दिया जाएगा।
यह ट्रैफिक अंडरपास में घुसकर यू टर्न लेते हुए ज्ञानी बार्डर, दिल्ली की ओर निकल सकेगा। इससे यह फायदा होगा कि लिंक रोड से गाजियाबाद की ओर मुड़ने वाला ट्रैफिक गाजियाबाद से दिल्ली की दिशा में जा रहे ट्रैफिक से टकराएगा नहीं।
किसी भी दिशा से मोहन नगर चौराहे को क्रास करने के दौरान ट्रैफिक थमेगा नहीं और बिना किसी सिग्नल के वाहन यहां फर्राटे से पास होंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव बाद अंडरपास का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।