बच्चे ने खेलते समय निर्माणाधीन मकान के गटर में शव को देखा
- फोटो : अमर उजाला
चमन विहार कालोनी में दो दिन से लापता मासूम का शव कालोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान के गटर में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है।
चमन विहार कालोनी में रविवार दोपहर दो बजे क्रिकेट खेलते समय बच्चों की बॉल एक निर्माणाधीन मकान में जा गिरी। बॉल निकालने पहुंचे बच्चों ने गटर में बच्चे का शव देखकर कालोनी के लोगों को जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास किए। कुछ देर बाद उसकी शिनाख्त गोविंद (3) पुत्र राजवीर सिंह निवासी चमन विहार कालोनी के रूप में हुई। राजवीर मूल रूप से एटा के रहने वाले हैं और यहां ऑटो चलाते हैं। उन्होंने बताया कि गोविंद शुक्रवार को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था।
ट्रॉनिका सिटी थाने में गोविंद की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्हें शक है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। थाना एसओ उम्मेद यादव का कहना है कि संभवत: खेलने के दौरान उसकी गटर में गिरकर पानी में डूबने से मौत हुई है। यदि परिजन रिपोर्ट दर्ज कराते हैं, तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
बेटे की मौत से परिवार में मातम
गोविंद की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। उसकी मां सरला और बड़े भाई-बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है। आसपास के लोगों ने बताया कि गोविंद राजवीर का इकलौता बेटा था।