आवासीय सोसायटी बनाकर प्लॉट दिलाने के नाम पर सोसायटी के सचिव पर करोड़ों की ठगी का आरोप लगाया गया है। रविवार को इस संबंध में सोसायटी के सदस्यों ने साहिबाबाद थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
शिकायत लेकर पहुंचे लोगों ने बताया कि करीब 16 साल पहले बैंक में हेड कैशियर के पद पर कार्यरत एक व्यक्ति ने आवासीय सोसायटी बनाने के नाम पर उनसे एक लाख से पांच लाख रुपये तक लिए। लोगों से रुपये लेकर तीन सोसायटीज रजिस्टर्ड करवाई। इसके बाद वह लगातार लोगों को प्लॉट दिलाने का झांसा देता रहा।
आरोप है कि आवास विकास की सिद्धार्थ विहार योजना में प्लॉट दिलवाने का झांसा दिया गया। प्लॉट नहीं मिलने पर कुछ दिन पहले लोगों ने जाकर आवास विकास परिषद में इंक्वायरी की तो पता चला कि उनकी कोई जमीन योजना में नहीं है।
सोसायटी के सदस्य दुष्यंत ने बताया कि पिछले करीब तीन साल में 800 लोग इकट्ठे हुए हैं, जिन्हें प्लॉट दिलवाने के नाम पर 8 से 15 करोड़ की ठगी की गई है। फर्जीवाड़े की जानकारी मिलते ही उन्होंने रविवार को थाना साहिबाबाद में तहरीर दी। इस दौरान हरपाल सिंह, आरएस कर्दम, अशोक कुमार, डा. सुरेश चंद्रा, श्रवण कुमार, दिनेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।