एक व्यक्ति ने अपने दोस्त की 14 साल की बेटी को कमरे में बंदकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने कमरे में बाहर से ताला लगा दिया। किशोरी 24 घंटे भूखी-प्यासी कमरे में बंद रही। यहीं नहीं ताला लगाकर आरोपी पीड़िता के पिता के साथ प्लम्बिंग का काम करने चला गया, लेकिन पिता को भनक तक नहीं लगी।
मामला पुलिस तक पहुंचने पर आरोपी ने किशोरी को बंधन मुक्त किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।यह मामला मोदीनगर के गोविंदपुुरी पुलिस चौकी क्षेत्र की एक कालोनी से जुड़ा है।
चौकी प्रभारी भूदेव सिंह ने बताया कि कालोनी निवासी 14 वर्षीय लड़की 19 मई को पड़ोस में रहने वाले पिता के दोस्त के घर बाल्टी देने गई थी। पिता का दोस्त उसे फुसलाकर कमरे में ले गया और छेड़छाड़ करने लगा।
किशोरी के शोर मचाने पर गुस्साए पड़ोसी ने उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला दिया और उसके पिता के साथ प्लम्बिंग का काम करने चला गया। देर शाम घर लौटने पर पिता को बेटी के गुम होने की सूचना मिली। परिजन कालोनी वालों के साथ मिलकर रातभर किशोरी की तलाश करते रहे।
सुराग नहीं लगने पर 20 मई को परिजनों ने चौकी पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। जिसकी भनक आरोपी को लग गई और उसने चुपचाप घर पहुंचकर कमरे का ताला खोला। आरोपी ने किशोरी को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई।
चौकी प्रभारी के मुताबिक आरोपी दिनेश सक्सेना के खिलाफ बंधक बनाकर किशोरी से छेड़छाड़ करने और पोस्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है।