पुलिस ने लग्जरी कार लूटने जा रहे राहुल खट्टा गैंग के चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इनसे तीन तमंचे, तीन कारतूस, एक चाकू और दो बाइक बरामद की गई हैं।
एसपी सिटी सलमान ताज ने बताया कि सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर हर्षा कंपाउंड मोहन नगर के पास चेकिंग के दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवक पुलिस से बचकर भागने लगे। पुलिस टीम ने चारों का पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
बाद में घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया गया। इस दौरान बदमाशों ने एसआई राधेश्याम के हाथ में तमंचे की बट से मारकर घायल कर दिया। बदमाश मोहन नगर चौराहे पर लग्जरी कार लूटने की फिराक में थे। पकड़े गए बदमाशों में सतेंद्र उर्फ मास्टर और धनपाल निवासी छपरौली बागपत, साहिल निवासी टटीरी बागपत और अजीत उर्फ मोनू निवासी शामली हैं।
चारों पर बागपत, बड़ौत, मेरठ, दिल्ली, मुरादनगर आदि थानों में हत्या, लूट, डकैती आदि के 40 से ज्यादा केस दर्ज हैं। एसपी सिटी ने बताया कि हाल ही में मुरादनगर में हुई कार लूट और कौशांबी से हुई लूट में इन्हीं बदमाशों का हाथ होने का शक है, पूछताछ के बाद ही इसका खुलासा किया जा सकेगा। चारों करीब तीन माह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए हैं।
राहुल खट्टा का राइट हैंड सतेंद्र बन गया गैंग का 'मास्टर'
एसपी सिटी ने बताया कि सहारनपुर में राहुल खट्टा की एनकाउंटर में मौत के बाद गैंग का सरगना सतेंद्र बन गया। सतेंद्र ने इस दौरान अपना नाम मास्टर रखा है। सतेंद्र ने पुलिस को बताया है कि लूट के दौरान अगर कोई विरोध करता था तो वह तुरंत उसे गोली मार देता था।
साहिबाबाद में ही सतेंद्र के रिश्तेदार रहते हैं। सतेंद्र चारों साथियों के साथ पहले भी साहिबाबाद आ चुका है। वह रिश्तेदारों से मिलने आता था और रात के समय वापस बागपत के लिए निकलता था। इसी दौरान चारों बदमाश लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।