जेल की सलाखों के पीछे एक बड़े व्यक्ति की हत्या की साजिश रची जा रही है। इसकी भनक लगी है मेरठ एसटीएफ की सर्विलांस टीम को। जेल में काफी समय से बंद एक महिला ने गाजियाबाद की एक महिला को कॉल की है।
महिला से बातचीत के दौरान एक व्यक्ति की हत्या के बारे में किसी सुपारी किलर को बातचीत के लिए उसके पास भेजने के लिए कहा गया है।
जिसकी हत्या की जानी है, बातचीत के दौरान उसका नाम भी लिया गया। सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ ने आईजी जोन सुजीत पांडे को मामले की जानकारी दी।
आईजी ने मुजफ्फरनगर पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उच्चाधिकारियों ने मामले में जेल अधीक्षक को पत्र लिखकर मामले की जांच करने और शातिर की पत्नी से फोन बरामद करने के आदेश दिए हैं। आदेश की प्रति मंगलवार को जिला कारागार में रिसीव कराई गई।
जेल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चारदीवारी के पीछे हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद यह साबित हो गया है कि जेल में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। बंदी अपनी मर्जी से फोन चला रहे हैं, जिसे चाहे धमकी देते हैं, जिसे चाहे मिलने के लिए बुलाते हैं।
बहरहाल, जिस मामले में महिला की रंजिश चल रही है, उन लोगों को भी चौकस कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस की एक टीम मामले की तह तक जाने में जुटी है। मुजफ्फरनगर एसएसपी दीपक कुमार ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने इतना जरूर कहा कि कुछ बंदियों को दूसरी जेलों में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।