मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल यूपी डायल 100 योजना की ट्रेनिंग का शुभारंभ शनिवार को हाईटेक इंजीनियरिंग कॉलेज में एसएसपी दीपक कुमार ने किया। इस मौके पर एसएसपी ने कहा कि डायल 100 से पुलिसिंग और बेहतर होगी।एसएसपी ने कहा कि अब 100 नंबर पर की जाने वाली कॉल कहीं और नहीं बल्कि सीधे लखनऊ से कनेक्ट होगी।
लखनऊ स्थित मॉडर्न कंट्रोल रूम से स्थानीय पुलिस और कंट्रोल रूम को कॉल की सूचना दी जाएगी। सूचना के 10 से 20 मिनट के भीतर पुलिस मौके पर पहुंचकर पीड़ित की समस्या का निदान करेगी। पुलिस ने गूगल पर सवा लाख प्वाइंट चिह्नित किए हैं। जहां से भी पीड़ित कॉल करेगा उसके आसपास मौजूद पीसीआर और लेपर्ड कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचेंगे।
इस योजना की ट्रेनिंग के लिए विभाग से 240 पुलिसकर्मी चयनित किए गए हैं। जिनकी ट्रेनिंग रविवार से शुरू कर दी गई है। यह ट्रेनिंग 25 नवंबर तक चलेगी।एसपी कंट्रोल रूम एके पांडेय ने बताया कि 100 डायल योजना के लिए चयनित किए गए पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग रविवार से लेकर 23 नवंबर तक चलेगी।
इस ट्रेनिंग में थाना प्रभारी और पीसीआर पर तैनात ड्राइवर भी हिस्सा लेंगे। 24 और 25 नवंबर को सभी थाना प्रभारियों, प्रत्येक थाने के दो एसआई और सिपाहियों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
मिलती हैं झूठी शिकायतेंएसएसपी ने कहा कि उन्होंने गाजियाबाद में अपने 20 दिन के कार्यकाल के दौरान देखा है कि यहां लोग झूठी शिकायतें भी खूब कर पुलिस को परेशान करते हैं।
कंट्रोल रूम में भी फर्जी कॉल आती हैं। उनके समक्ष भी झूठी शिकायतें रोजाना आती हैं। उन्होंने जनता से झूठी शिकायतें न करने की अपील की है।