विजय नगर में एनएच-24 पर सोमवार सुबह एक कार में दिल्ली के प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कार में शराब की आधी बोतल, ग्लास, पानी की बोतल, नमकीन का पैकेट, लेडीज अंडर गारमेंट्स और कुछ आपत्तिजनक चीजें मिली हैं।
यह साफ नहीं हो सका है कि उनकी मौत कैसे हुई। विसरा प्रिजर्व किया गया है, जिसे जांच के लिए आगरा फोरेंसिक लेबोरेट्री भेजा जाएगा। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया ज्यादा शराब पीने को मौत का कारण मान रही है।
एनएच-24 पर डूंडाहेड़ा के सामने सोमवार सुबह हापुड़ से दिल्ली की तरफ जाने वाली रोड पर सड़क किनारे कार में ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति का शव देख लोगों की भीड़ लग गई। सूचना के बाद विजय नगर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
एसएचओ विजय नगर नीरज कुमार ने बताया कि जेब में मिले आईडी कार्ड से मृतक की पहचान दर्शन लाल (45) के रूप में हुई। वह खजूरवाली गली अरविंद नगर दिल्ली के रहने वाले थे और वहीं प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार करते थे।
एसएचओ ने बताया कि दर्शन लाल ने बरमूडा और टीशर्ट पहना हुआ था। शव पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं हैं। प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब के सेवन से मौत होना प्रतीत हो रहा है। हो सकता है कि कार में कोई और भी रहा हो। पुलिस कई एंगलों से जांच कर रही है।
घर से कहकर निकले थे ‘गंगा नहाने जा रहा हूं’
जांच अधिकारी प्रजंत त्यागी ने बताया कि दर्शन की पत्नी की दो साल पहले मृत्यु हो चुकी है। इनके दो बच्चे हैं। रविवार करीब दस बजे यह घर से कहकर निकले थे कि ‘गंगा नहाने जा रहा हूं।’