मोबाइल पर बात कर रेलवे लाइन पार कर रहे एक युवक की ट्रेन कटकर मौत हो गई। मसूरी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।मृतक साजिद अली (16) पुत्र अलाउद्दीन निवासी खिसरा मसूरी था। वह इन दिनों अपने मौसा अली मोहम्मद के साथ ननका गढ़ी मसूरी में रह रहा था। वह मौसा के साथ वेल्डिंग का काम करता था।
साजिद मंगलवार दोपहर दोस्त दानिश के साथ रफीकाबाबाद फाटक से रेलवे लाइन पार कर रहे था। दानिश ने बताया कि साजिद किसी से मोबाइल पर बात करते हुए पीछे से आ रहा था। दानिश ने बताया कि ट्रेन आने से पहले वह ट्रेक पार कर चुका था। तभी हापुड़ से गाजियाबाद की ओर जाने वाली एक ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से साजिद की मौत हो गई।
दानिश ने हादसे की सूचना साजिद के परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। इसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी। तभी साजिद के परिजन मौके पर पहुंचे उन्होंने पुलिस को शव का पोस्टमार्टम करने से मना कर दिया। उधर, एसओ मसूरी का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विजयनगर में युवती ने फंदा लगाकर दी जान
विजयनगर के बहरामपुर इलाके में एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी है। मृतका रितु (20) पुत्री सत्यप्रकाश निवासी बहरामपुर है। एसओ विजयनगर ने बताया कि युवती की मौत का कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस को मौके से कोई सुसायड नोट भी नहीं मिला है।
भीमनगर के लोगों ने एसएसपी से की शिकायत
भीमनगर में हुए डबल मर्डर मामले में पुलिस द्वारा 150-200 उपद्रवियों के खिलाफ केस रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बुधवार को भीमनगर के लोगों ने एसएसपी से शिकायत करते हुए कहा कि विजयनगर पुलिस अज्ञात लोगों की बिना पहचान किए हुए उन्हें हिरासत में लेकर रिश्वत की मांग और उत्पीड़न कर रही है।
लोगों का कहना है कि पुलिस निर्दोष के खिलाफ गलत कार्रवाई कर रही है।