रोजा इफ्तारी के लिए खाना बनाते वक्त रविवार को संजय नगर के एक फ्लैट में रखे गैस सिलेंडर में आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के दौरान तीन महिलाओं ने किसी तरह फ्लैट से बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना पर भी फायर ब्रिगेड कर्मी काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंचे तो एक युवक ने जलता सिलेंडर उठाकर मकान के पीछे कब्रिस्तान में फेंक दिया।
संजय नगर एम-ब्लाक स्थित मंजिल अपार्टमेंट के सेकेंड फ्लोर पर एक खाली फ्लैट में शमशी बानों, मुमताज रिजवी और नगमा खातून रोजा इफ्तारी के लिए खाना बना रही थी। इसी दौरान सिलेंडर से रेग्यूलेटर के पास से गैस रिसाव होने लगा और उसने आग पकड़ ली। महिलाओं ने कपड़े से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ गई और लपटें उठने लगी।
किचन में लगे प्लाईवुड ने भी आग पकड़ ली। आग बढ़ती देखकर महिलाओं ने शोर मचाया तो पड़ोसी पहुंच गए। लोगों ने आग में घिरी महिलाओं को बाहर निकाला, लेकिन तब तक आग की लपटे कमरों के दरवाजों तक पहुंच गई थी। पड़ोसी सैय्यद मेहदी ने बताया कि आग की सूचना पहले पुलिस कंट्रोल रूम पर दी गई तो उन्होंने फायर ब्रिगेड के नंबर पर कॉल करने के लिए कहकर पल्ला झाड़ लिया।
फायर ब्रिगेड के नंबर पर कॉल किया गया, लेकिन काफी देर बाद नंबर पर बात हो पाई। सूचना के बावजूद करीब आधे घंटे तक फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। तब मोहल्ले के ही एक युवक ने जलता सिलेंडर उठाकर मकान के पीछे कब्रिस्तान में फेंक दिया।