दिवाली पर पटाखाें का कारोबार करने वाले व्यापारियों पर वाणिज्य कर विभाग की नजर है। विभागीय टीम ने फर्रुखनगर और मोदीनगर समेत अन्य जगहों पर छापा मारकर लाखों रुपये की पेनाल्टी वसूली है। विभाग ने पटाखा व्यापारियों से अस्थायी टिन नंबर लेने का निर्देश दिया है।
दिवाली नजदीक आते ही बाजार में टैक्स चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। विभाग के एडीशनल कमिश्नर (एसआईबी) प्रदीप कुमार ने बताया कि पटाखा कारोबारियों पर नजर रखने के लिए टीमें गठित की गई हैं। टीमों को इस दौरान सफलता भी मिली है। टीम ने फर्रुखनगर में छापा मारा।
वहां दो फर्म एमएस फरहान फायर वर्क्स और हसीन फायर वर्क्स के यहां से टैक्स चोरी पकड़ी। सर्वे के दौरान दोनों व्यापारियों ने करीब 9.25 लाख रुपये की माल बिक्री को छुपाया था। इन दोनों व्यापारियों से 3.70 लाख रुपये पेनाल्टी वसूली है।
उन्होंने बताया कि मोदीनगर में तीन व्यापारियों के गोदाम का सर्वे किया गया। तीनों ही व्यापारियों ने टैक्स जमा नहीं किया था। करीब 75 लाख रुपये का पटाखों का स्टॉक मिला है। दोनों ही फर्म ने जल्द टैक्स जमा करने का आश्वासन दिया है।
वहीं विभाग की मोबाइल स्क्वॉयड ने बिना पर्ची या फार्म से लाया जा रहा 15 लाख 52 हजार रुपये का माल पकड़ा है। साथ ही पटाखा कारोबारियों से कहा गया है कि वह जल्द अपना रजिस्ट्रेशन करा लें। यदि बिना रजिस्ट्रेशन के माल पकड़ा गया तो बड़ी कार्रवाई की जाएगी।